UPSC पाठ्यक्रम (Syllabus): प्रारंभिक, मुख्य और वैकल्पिक विषय का संपूर्ण विवरण

भारतीय सिविल सेवाओं में शामिल होने के इच्छुक किसी भी अभ्यर्थी के लिए UPSC पाठ्यक्रम (Syllabus) तैयारी की आधारशिला है। सिविल सेवा परीक्षा (CSE) में सुनियोजित तैयारी और सफलता की दिशा में आधिकारिक पाठ्यक्रम को संपूर्णता में समझना पहला और सबसे महत्वपूर्ण चरण है।
यह परीक्षा तीन क्रमिक चरणों में आयोजित की जाती है: 1. प्रारंभिक परीक्षा (वस्तुनिष्ठ प्रकार), 2. मुख्य परीक्षा (वर्णनात्मक प्रकार), और 3. व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार)। नीचे परीक्षा पैटर्न और पीडीएफ (PDF) डाउनलोड लिंक के साथ संपूर्ण, प्रश्नपत्र-वार आधिकारिक पाठ्यक्रम दिया गया है।
प्रारंभिक परीक्षा अंक
400 (अर्हक)
मुख्य परीक्षा (मेधा)
1750 अंक
साक्षात्कार
275 अंक
अंतिम कुल योग
2025 अंक
व्हाट्सएप ग्रुप (WhatsApp Group)
अभी जुड़ें
टेलीग्राम चैनल (Telegram Channel)
अभी जुड़ें

1. UPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा पाठ्यक्रम एवं परीक्षा पैटर्न

प्रारंभिक चरण एक छंटनी परीक्षा (Screening Test) है जिसमें दो अनिवार्य प्रश्नपत्र शामिल होते हैं। यद्यपि प्रारंभिक परीक्षा में प्राप्त अंकों को अंतिम मेधा सूची (Final Merit List) के लिए नहीं गिना जाता है, तथापि मुख्य परीक्षा में बैठने के लिए अभ्यर्थियों को इस चरण में उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।

परीक्षा मानदंड आधिकारिक विवरण
प्रश्नपत्रों की संख्या
  • प्रश्नपत्र-I: सामान्य अध्ययन (GS)
  • प्रश्नपत्र-II: सिविल सेवा अभिवृत्ति परीक्षा (CSAT)
प्रश्नों का प्रकार बहुविकल्पीय प्रश्न (वस्तुनिष्ठ प्रकार)
कुल अधिकतम अंक प्रत्येक प्रश्नपत्र के लिए 200 अंक (कुल 400 अंक)
परीक्षा की अवधि प्रत्येक प्रश्नपत्र के लिए 2 घंटे (दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों तथा न्यूनतम 40% दिव्यांगता वाले लोकोमोटर दिव्यांग और सेरेब्रल पाल्सी से पीड़ित अभ्यर्थियों के लिए प्रति घंटे 20 मिनट का अतिरिक्त समय)
ऋणात्मक अंकन (Negative Marking) प्रत्येक गलत उत्तर के लिए एक-तिहाई (33.33%) अंक की कटौती
परीक्षा का माध्यम द्विभाषी (हिंदी एवं अंग्रेजी)
मेधा सूची में अंकों की गणना नहीं (केवल छंटनी परीक्षा)

प्रश्नपत्र-I: सामान्य अध्ययन (GS) पाठ्यक्रम

  • अंक: 200 | अवधि: 2 घंटे | ऋणात्मक अंकन: 1/3
  • राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय महत्व की सामयिक घटनाएं।
  • भारत का इतिहास और भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन।
  • भारत एवं विश्व का भूगोल – भारत एवं विश्व का प्राकृतिक, सामाजिक, आर्थिक भूगोल।
  • भारतीय राज्यतंत्र और शासन – संविधान, राजनीतिक प्रणाली, पंचायती राज, लोक नीति, अधिकारों संबंधी मुद्दे, आदि।
  • आर्थिक और सामाजिक विकास – सतत विकास, गरीबी, समावेशन, जनसांख्यिकी, सामाजिक क्षेत्र में की गई पहल आदि।
  • पर्यावरणीय पारिस्थितिकी, जैव-विविधता और जलवायु परिवर्तन संबंधी सामान्य मुद्दे, जिनके लिए विषयगत विशेषज्ञता आवश्यक नहीं है।
  • सामान्य विज्ञान।

प्रश्नपत्र-II: सिविल सेवा अभिवृत्ति परीक्षा (CSAT) पाठ्यक्रम

  • अंक: 200 | अवधि: 2 घंटे | अर्हक अंक (Qualifying Cutoff): 33% (66 अंक)
  • बोधगम्यता (Comprehension);
  • संचार कौशल सहित अंतर-वैयक्तिक कौशल;
  • तार्किक कौशल एवं विश्लेषणात्मक क्षमता;
  • निर्णय लेना और समस्या समाधान;
  • सामान्य मानसिक योग्यता;
  • आधारभूत संख्यनन (संख्याएं और उनके संबंध, विस्तार-क्रम आदि) (दसवीं कक्षा का स्तर);
  • आंकड़ों का निर्वचन (चार्ट, ग्राफ, तालिका, आंकड़ों की पर्याप्तता आदि – दसवीं कक्षा का स्तर)।
प्रारंभिक परीक्षा के लिए महत्वपूर्ण आधिकारिक नियम:
– टिप्पणी 1: सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा का प्रश्नपत्र-II (CSAT) एक अर्हक (Qualifying) प्रश्नपत्र होगा जिसके लिए न्यूनतम अर्हक अंक 33% निर्धारित किए गए हैं।
– टिप्पणी 2: दोनों प्रश्नपत्रों में सभी प्रश्न बहुविकल्पीय, वस्तुनिष्ठ प्रकार के होंगे।
– टिप्पणी 3: मूल्यांकन के प्रयोजन से अभ्यर्थी के लिए सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा के दोनों प्रश्नपत्रों में सम्मिलित होना अनिवार्य है। यदि कोई अभ्यर्थी दोनों प्रश्नपत्रों में सम्मिलित नहीं होता है, तो उसे अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा।

2. UPSC सिविल सेवा मुख्य परीक्षा पाठ्यक्रम

मुख्य परीक्षा का उद्देश्य अभ्यर्थी की बौद्धिक गहराई और विश्लेषणात्मक क्षमता का आकलन करना है। इसमें कुल नौ प्रश्नपत्र होते हैं, जिनमें से सात प्रश्नपत्रों (1750 अंक) के अंक अंतिम मेधा (Final Merit) के लिए जोड़े जाते हैं।

क. भारतीय भाषाओं और अंग्रेजी के अर्हक प्रश्नपत्र (प्रश्नपत्र-क एवं प्रश्नपत्र-ख)

UPSC मुख्य परीक्षा अर्हक भाषा प्रश्नपत्र पैटर्न
चित्र: UPSC मुख्य परीक्षा के अर्हक भाषा प्रश्नपत्रों की संरचना (प्रश्नपत्र-क एवं प्रश्नपत्र-ख)

इन प्रश्नपत्रों का उद्देश्य अंग्रेजी तथा संबंधित भारतीय भाषा में गंभीर विचारात्मक गद्य को पढ़ने और समझने तथा अपने विचारों को स्पष्ट एवं सही रूप में व्यक्त करने की अभ्यर्थी की योग्यता का परीक्षण करना है।

अंग्रेजी भाषा (प्रश्नपत्र-ख • 300 अंक)
  • दिए गए गद्यांशों को समझना (बोधगम्यता)।
  • संक्षेपण लेखन (Precis Writing)।
  • शब्द प्रयोग तथा शब्द भंडार।
  • लघु निबंध।
भारतीय भाषाएं (प्रश्नपत्र-क • 300 अंक)
  • दिए गए गद्यांशों को समझना (बोधगम्यता)।
  • संक्षेपण लेखन (Precis Writing)।
  • शब्द प्रयोग तथा शब्द भंडार।
  • लघु निबंध।
  • अंग्रेजी से भारतीय भाषा तथा भारतीय भाषा से अंग्रेजी में अनुवाद।
अर्हक भाषा प्रश्नपत्रों से संबंधित टिप्पणियां:
– टिप्पणी 1: भारतीय भाषाओं और अंग्रेजी के प्रश्नपत्र मैट्रिकुलेशन अथवा समकक्ष स्तर के होंगे और केवल अर्हक (Qualifying) प्रकृति के होंगे। इन प्रश्नपत्रों में प्राप्त अंकों को रैंकिंग के लिए नहीं गिना जाएगा।
– टिप्पणी 2: अभ्यर्थियों को अंग्रेजी और भारतीय भाषाओं के प्रश्नपत्रों के उत्तर क्रमशः अंग्रेजी तथा संबंधित भारतीय भाषा में ही लिखने होंगे (सिवाय उस स्थिति के जहां अनुवाद अपेक्षित हो)।

ख. मेधा निर्धारण हेतु गिने जाने वाले प्रश्नपत्र (प्रश्नपत्र-I से प्रश्नपत्र-VII)

प्रश्नपत्र-I: निबंध (250 अंक • 3 घंटे)
  • अभ्यर्थियों को विनिर्दिष्ट विषयों पर निबंध लिखने होंगे।
  • उनसे अपेक्षा की जाएगी कि वे निबंध के विषय के निकट रहें, अपने विचारों को सुव्यवस्थित रूप से क्रमबद्ध करें तथा संक्षेप में लिखें।
  • प्रभावी और सटीक अभिव्यक्ति के लिए श्रेय दिया जाएगा।
प्रश्नपत्र-II: सामान्य अध्ययन-I (250 अंक • 3 घंटे)

भारतीय विरासत और संस्कृति, विश्व का इतिहास एवं भूगोल तथा समाज:

  • भारतीय संस्कृति में प्राचीन काल से आधुनिक काल तक के कला के रूप, साहित्य और वास्तुकला के मुख्य पहलू शामिल होंगे।
  • आधुनिक भारतीय इतिहास (18वीं सदी के लगभग मध्य से लेकर वर्तमान समय तक) – महत्वपूर्ण घटनाएं, व्यक्तित्व, विषय।
  • स्वतंत्रता संग्राम – इसके विभिन्न चरण और देश के विभिन्न भागों से इसमें अपना योगदान देने वाले महत्वपूर्ण व्यक्ति/उनका योगदान।
  • स्वतंत्रता के पश्चात देश के अंदर एकीकरण और पुनर्गठन।
  • विश्व के इतिहास में 18वीं सदी की घटनाएं यथा औद्योगिक क्रांति, विश्व युद्ध, राष्ट्रीय सीमाओं का पुनःसीमांकन, उपनिवेशवाद, उपनिवेशवाद की समाप्ति, राजनीतिक दर्शन जैसे साम्यवाद, पूंजीवाद, समाजवाद आदि शामिल होंगे – उनके रूप और समाज पर उनका प्रभाव।
  • भारतीय समाज की मुख्य विशेषताएं, भारत की विविधता।
  • महिलाओं की भूमिका और महिला संगठन, जनसंख्या एवं संबद्ध मुद्दे, गरीबी और विकासात्मक विषय, शहरीकरण, उनकी समस्याएं और उनके रक्षोपाय।
  • भारतीय समाज पर भूमंडलीकरण का प्रभाव।
  • सामाजिक सशक्तिकरण, संप्रदायवाद, क्षेत्रवाद और धर्मनिरपेक्षता।
  • विश्व के भौतिक भूगोल की मुख्य विशेषताएं।
  • विश्व भर के मुख्य प्राकृतिक संसाधनों का वितरण (दक्षिण एशिया और भारतीय उपमहाद्वीप को शामिल करते हुए); विश्व (भारत सहित) के विभिन्न भागों में प्राथमिक, द्वितीयक और तृतीयक क्षेत्र के उद्योगों को स्थापित करने के लिए जिम्मेदार कारक।
  • भूकंप, सुनामी, ज्वालामुखीय हलचल, चक्रवात आदि जैसी महत्वपूर्ण भू-भौतिकीय घटनाएं, भौगोलिक विशेषताएं और उनके स्थान – अति महत्वपूर्ण भौगोलिक विशेषताओं (जल-स्रोत और हिमावरण सहित) और वनस्पति एवं प्राणिजगत में परिवर्तन और इस प्रकार के परिवर्तनों के प्रभाव।
प्रश्नपत्र-III: सामान्य अध्ययन-II (250 अंक • 3 घंटे)

शासन व्यवस्था, संविधान, शासन प्रणाली, सामाजिक न्याय तथा अंतर्राष्ट्रीय संबंध:

  • भारतीय संविधान – ऐतिहासिक आधार, विकास, विशेषताएं, संशोधन, महत्वपूर्ण प्रावधान और बुनियादी संरचना।
  • संघ एवं राज्यों के कार्य तथा उत्तरदायित्व, संघीय ढांचे से संबंधित विषय एवं चुनौतियां, स्थानीय स्तर पर शक्तियों और वित्त का हस्तांतरण और उसकी चुनौतियां।
  • विभिन्न घटकों के बीच शक्तियों का पृथक्करण, विवाद निवारण तंत्र तथा संस्थान।
  • भारतीय संवैधानिक योजना की अन्य देशों के साथ तुलना।
  • संसद और राज्य विधायिका – संरचना, कार्य, कार्य-संचालन, शक्तियां एवं विशेषाधिकार और इनसे उत्पन्न होने वाले विषय।
  • कार्यपालिका और न्यायपालिका की संरचना, संगठन और कार्य – सरकार के मंत्रालय एवं विभाग; प्रभावक समूह और औपचारिक/अनौपचारिक संघ तथा शासन प्रणाली में उनकी भूमिका।
  • जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की मुख्य विशेषताएं।
  • विभिन्न संवैधानिक पदों पर नियुक्ति और विभिन्न संवैधानिक निकायों की शक्तियां, कार्य और उत्तरदायित्व।
  • सांविधिक, विनियामक और विभिन्न अर्ध-न्यायिक निकाय।
  • विभिन्न क्षेत्रों में विकास के लिए सरकारी नीतियां और हस्तक्षेप तथा उनके अभिकल्पन और कार्यान्वयन के कारण उत्पन्न होने वाले विषय।
  • विकास प्रक्रिया तथा विकास उद्योग – गैर-सरकारी संगठनों (NGOs), स्वयं सहायता समूहों (SHGs), विभिन्न समूहों और संघों, दानकर्ताओं, लोकोपकारी संस्थाओं, संस्थागत एवं अन्य पक्षों की भूमिका।
  • केंद्र एवं राज्यों द्वारा जनसंख्या के अति संवेदनशील वर्गों के लिए कल्याणकारी योजनाएं और इन योजनाओं का कार्य-निष्पादन; इन अति संवेदनशील वर्गों की रक्षा एवं बेहतरी के लिए गठित तंत्र, विधि, संस्थान एवं निकाय।
  • स्वास्थ्य, शिक्षा, मानव संसाधनों से संबंधित सामाजिक क्षेत्र/सेवाओं के विकास और प्रबंधन से संबंधित विषय।
  • गरीबी और भूख से संबंधित विषय।
  • शासन व्यवस्था, पारदर्शिता और जवाबदेही के महत्वपूर्ण पक्ष, ई-गवर्नेंस – अनुप्रयोग, मॉडल, सफलताएं, सीमाएं और संभावनाएं; नागरिक चार्टर, पारदर्शिता एवं जवाबदेही और संस्थागत तथा अन्य उपाय।
  • लोकतंत्र में सिविल सेवाओं की भूमिका।
  • भारत एवं इसके पड़ोसी- संबंध।
  • द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक समूह और भारत से संबंधित और/अथवा भारत के हितों को प्रभावित करने वाले करार।
  • भारत के हितों पर विकसित तथा विकासशील देशों की नीतियों तथा राजनीति का प्रभाव; प्रवासी भारतीय।
  • महत्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय संस्थान, संस्थाएं और मंच – उनकी संरचना, अधिदेश।
प्रश्नपत्र-IV: सामान्य अध्ययन-III (250 अंक • 3 घंटे)

प्रौद्योगिकी, आर्थिक विकास, जैव विविधता, पर्यावरण, सुरक्षा तथा आपदा प्रबंधन:

  • भारतीय अर्थव्यवस्था तथा योजना, संसाधनों को जुटाने, प्रगति, विकास तथा रोजगार से संबंधित विषय।
  • समावेशी विकास तथा इससे उत्पन्न विषय।
  • सरकारी बजट।
  • मुख्य फसलें – देश के विभिन्न भागों में फसलों का पैटर्न – सिंचाई के विभिन्न प्रकार एवं सिंचाई प्रणाली – कृषि उत्पाद का भंडारण, परिवहन तथा विपणन, संबंधित विषय और बाधाएं; किसानों की सहायता के लिए ई-प्रौद्योगिकी।
  • प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष कृषि सहायता तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य से संबंधित विषय; जन वितरण प्रणाली – उद्देश्य, कार्य, सीमाएं, सुधार; बफर स्टॉक तथा खाद्य सुरक्षा संबंधी विषय; प्रौद्योगिकी मिशन; पशु-पालन संबंधी अर्थशास्त्र।
  • भारत में खाद्य प्रसंस्करण एवं संबंधित उद्योग – कार्यक्षेत्र एवं महत्व, स्थान, ऊपरी और नीचे की अपेक्षाएं, आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन।
  • भारत में भूमि सुधार।
  • उदारीकरण का अर्थव्यवस्था पर प्रभाव, औद्योगिक नीति में परिवर्तन तथा औद्योगिक विकास पर इनका प्रभाव।
  • बुनियादी ढांचा: ऊर्जा, बंदरगाह, सड़क, विमानपत्तन, रेलवे आदि।
  • निवेश मॉडल।
  • विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी – विकास एवं अनुप्रयोग और रोजमर्रा के जीवन पर इसका प्रभाव।
  • विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में भारतीयों की उपलब्धियां; देशज रूप से प्रौद्योगिकी का विकास और नई प्रौद्योगिकी का विकास।
  • सूचना प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, कंप्यूटर, रोबोटिक्स, नैनो-टैक्नोलॉजी, बायो-टैक्नोलॉजी और बौद्धिक संपदा अधिकारों से संबंधित विषयों के संबंध में जागरूकता।
  • संरक्षण, पर्यावरण प्रदूषण और क्षरण, पर्यावरण प्रभाव का आकलन।
  • आपदा और आपदा प्रबंधन।
  • विकास और फैलते उग्रवाद के बीच संबंध।
  • आंतरिक सुरक्षा के लिए चुनौती उत्पन्न करने वाले शासन विरोधी तत्वों की भूमिका।
  • संचार नेटवर्क के माध्यम से आंतरिक सुरक्षा को चुनौती, आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों में मीडिया और सामाजिक नेटवर्किंग साइटों की भूमिका, साइबर सुरक्षा की बुनियादी बातें; धन-शोधन और इसे रोकना।
  • सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा चुनौतियां एवं उनका प्रबंधन – संगठित अपराध और आतंकवाद के बीच संबंध।
  • विभिन्न सुरक्षा बल और संस्थाएं तथा उनके अधिदेश।
प्रश्नपत्र-V: सामान्य अध्ययन-IV (250 अंक • 3 घंटे)

नीतिशास्त्र, सत्यनिष्ठा और अभिरुचि:

इस प्रश्नपत्र में ऐसे प्रश्न शामिल होंगे जो सार्वजनिक जीवन में उम्मीदवारों की सत्यनिष्ठा, ईमानदारी से संबंधित विषयों के प्रति उनकी अभिवृत्ति तथा उनके दृष्टिकोण तथा समाज से आचार-व्यवहार में विभिन्न मुद्दों तथा सामने आने वाली समस्याओं के समाधान को लेकर उनकी मनोवृत्ति का परीक्षण करेंगे। इन आयामों का निर्धारण करने के लिए प्रश्नपत्रों में किसी मामले के अध्ययन (केस स्टडी) का माध्यम भी चुना जा सकता है।

  • नीतिशास्त्र तथा मानवीय सह-संबंध: मानवीय क्रियाकलापों में नीतिशास्त्र का सार तत्व, इसके निर्धारक और परिणाम; नीतिशास्त्र के आयाम; निजी और सार्वजनिक संबंधों में नीतिशास्त्र। मानवीय मूल्य – महान नेताओं, सुधारकों और प्रशासकों के जीवन तथा उनके उपदेशों से शिक्षा; मूल्य विकसित करने में परिवार, समाज और शैक्षणिक संस्थाओं की भूमिका।
  • अभिवृत्ति: सारांश (कंटेंट), संरचना, वृत्ति; विचार तथा आचरण के परिप्रेक्ष्य में इसका प्रभाव एवं संबंध; नैतिक और राजनीतिक अभिरुचि; सामाजिक प्रभाव और धारणा।
  • सिविल सेवा के लिए अभिरुचि तथा बुनियादी मूल्य: सत्यनिष्ठा, भेदभाव रहित तथा गैर-तरफदारी, निष्पक्षता, सार्वजनिक सेवा के प्रति समर्पण भाव, कमजोर वर्गों के प्रति सहानुभूति, सहिष्णुता तथा संवेदना।
  • भावनात्मक समझ: अवधारणाएं तथा प्रशासन और शासन व्यवस्था में उनके उपयोग और प्रयोग।
  • नैतिक विचारकों का योगदान: भारत तथा विश्व के नैतिक विचारकों तथा दार्शनिकों के योगदान।
  • लोक प्रशासन में लोक/सिविल सेवा मूल्य तथा नीतिशास्त्र: स्थिति तथा समस्याएं; सरकारी तथा निजी संस्थानों में नैतिक चिंताएं तथा दुविधाएं; नैतिक मार्गदर्शन के स्रोतों के रूप में विधि, नियम, विनियम तथा अंतरात्मा; जवाबदेही तथा नैतिक शासन; शासन व्यवस्था में नीतिपरक तथा नैतिक मूल्यों का सुदृढ़ीकरण; अंतर्राष्ट्रीय संबंधों तथा निधि व्यवस्था (फंडिंग) में नैतिक मुद्दे; कॉरपोरेट शासन व्यवस्था।
  • शासन व्यवस्था में ईमानदारी: लोक सेवा की अवधारणा; शासन व्यवस्था और ईमानदारी का दार्शनिक आधार; सरकार में सूचना का आदान-प्रदान और पारदर्शिता, सूचना का अधिकार, नीतिपरक आचार संहिता, आचरण संहिता, नागरिक घोषणा पत्र, कार्य संस्कृति, सेवा प्रदान करने की गुणवत्ता, लोक निधि का उपयोग, भ्रष्टाचार की चुनौतियां।
  • मामले के अध्ययन (Case Studies): उपर्युक्त विषयों पर व्यावहारिक केस स्टडी।
व्हाट्सएप चैनल (WhatsApp Channel)
फॉलो करें

3. UPSC सिविल सेवा वैकल्पिक विषय पाठ्यक्रम (प्रश्नपत्र-VI एवं प्रश्नपत्र-VII)

  • विषय चयन: अभ्यर्थी UPSC द्वारा प्रदान किए गए 48 विषयों की सूची में से किसी एक वैकल्पिक विषय का चयन कर सकते हैं (जैसे- इतिहास, भूगोल, समाजशास्त्र, लोक प्रशासन, राजनीति विज्ञान एवं अंतर्राष्ट्रीय संबंध, मानवशास्त्र आदि)।
  • प्रश्नपत्र-VI: वैकल्पिक विषय प्रश्नपत्र-1 (250 अंक | 3 घंटे)
  • प्रश्नपत्र-VII: वैकल्पिक विषय प्रश्नपत्र-2 (250 अंक | 3 घंटे)
  • शैक्षणिक स्तर: वैकल्पिक विषयों के पाठ्यक्रम का स्तर मोटे तौर पर ऑनर्स डिग्री स्तर (अर्थात् स्नातक डिग्री से उच्च किंतु स्नातकोत्तर डिग्री से निम्न) का होगा।

4. UPSC व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार) एवं अंतिम मेधा संरचना

  • साक्षात्कार के अंक: मुख्य परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले अभ्यर्थियों को व्यक्तित्व परीक्षण के लिए बुलाया जाता है, जिसके लिए 275 अंक निर्धारित हैं।
  • मूल्यांकन का केंद्रबिंदु: इस चरण में अभ्यर्थी की मानसिक सतर्कता, आलोचनात्मक ग्रहणशक्ति, स्पष्ट और तर्कसंगत अभिव्यक्ति, संतुलित निर्णय क्षमता, रुचि की विविधता और गहराई, सामाजिक सामंजस्य और नेतृत्व की क्षमता तथा बौद्धिक और नैतिक ईमानदारी का मूल्यांकन किया जाता है।
  • अंतिम मेधा गणना (Final Merit Calculation):
    मुख्य परीक्षा (1750 अंक) + व्यक्तित्व परीक्षण (275 अंक) = कुल अंतिम मेधा (2025 अंक)
UPSC मुख्य परीक्षा प्रश्नपत्र-I से प्रश्नपत्र-VII तथा साक्षात्कार परीक्षा पैटर्न
चित्र: UPSC मुख्य परीक्षा (प्रश्नपत्र-I से प्रश्नपत्र-VII) एवं साक्षात्कार परीक्षा पैटर्न (कुल 2025 अंक)
आधिकारिक UPSC पाठ्यक्रम PDF डाउनलोड करें

परीक्षा के प्रत्येक चरण के लिए UPSC पाठ्यक्रम के अलग-अलग, पढ़ने में आसान पीडीएफ (PDF) संस्करणों के साथ अपनी तैयारी को व्यवस्थित करें।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs) – UPSC पाठ्यक्रम

प्रश्न 1. क्या UPSC पाठ्यक्रम हर वर्ष समान रहता है?
उत्तर: हां, UPSC सिविल सेवा परीक्षा का मूल स्थिर (Static) पाठ्यक्रम काफी हद तक समान रहता है। हालांकि, यह परीक्षा गतिशील (Dynamic) है क्योंकि विशेष रूप से सामान्य अध्ययन (मुख्य परीक्षा) और सामान्य अध्ययन प्रश्नपत्र-I (प्रारंभिक परीक्षा) में प्रश्नों का एक बड़ा हिस्सा समसामयिक घटनाओं (Current Affairs) पर आधारित होता है। किसी भी संभावित अद्यतन (Update) के लिए अभ्यर्थियों को सदैव upsc.gov.in पर नवीनतम आधिकारिक अधिसूचना देखनी चाहिए।
प्रश्न 2. CSAT प्रश्नपत्र के लिए न्यूनतम अर्हक अंक (Qualifying Marks) क्या हैं?
उत्तर: प्रारंभिक चरण में CSAT (सामान्य अध्ययन प्रश्नपत्र-II) एक अर्हक प्रश्नपत्र है। अपने सामान्य अध्ययन प्रश्नपत्र-I के मूल्यांकन हेतु पात्र होने के लिए अभ्यर्थियों को इसमें न्यूनतम 33% अंक (200 में से 66 अंक) प्राप्त करना अनिवार्य है।
प्रश्न 3. UPSC मुख्य परीक्षा के लिए मुझे कितने वैकल्पिक विषय चुनने होते हैं?
उत्तर: अभ्यर्थियों को UPSC द्वारा उपलब्ध कराए गए 48 विषयों की सूची में से केवल एक वैकल्पिक विषय चुनना होता है। हालांकि, इस एक विषय के दो प्रश्नपत्र होते हैं: वैकल्पिक प्रश्नपत्र-I और वैकल्पिक प्रश्नपत्र-II, जिनमें से प्रत्येक 250 अंकों का होता है (कुल 500 अंक)।
प्रश्न 4. क्या प्रारंभिक परीक्षा में प्राप्त अंक अंतिम मेधा सूची के लिए गिने जाते हैं?
उत्तर: नहीं। UPSC प्रारंभिक परीक्षा पूर्णतः एक छंटनी परीक्षा (Screening Test) है। प्रारंभिक परीक्षा में प्राप्त अंकों का उपयोग केवल मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों का चयन करने हेतु किया जाता है और इन्हें अंतिम मेधा या रैंकिंग में नहीं जोड़ा जाता है।
प्रश्न 5. क्या मैं UPSC मुख्य परीक्षा अपनी मातृभाषा में लिख सकता/सकती हूं?
उत्तर: हां। अभ्यर्थियों के पास अंग्रेजी या भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किसी भी भाषा (जैसे हिंदी, मराठी, तमिल, बंगाली आदि) में अपने उत्तर लिखने का विकल्प होता है, भले ही स्नातक स्तर पर उनकी शिक्षा का माध्यम कुछ भी रहा हो।
प्रश्न 6. नीतिशास्त्र (GS-IV) प्रश्नपत्र का क्या महत्व है?
उत्तर: नीतिशास्त्र, सत्यनिष्ठा और अभिरुचि प्रश्नपत्र (सामान्य अध्ययन-IV) एक मेधा-निर्धारक प्रश्नपत्र है। इसे सार्वजनिक जीवन में सत्यनिष्ठा और ईमानदारी से संबंधित विषयों के प्रति अभ्यर्थी की अभिवृत्ति और दृष्टिकोण का मूल्यांकन करने के लिए तैयार किया गया है। यह 250 अंकों का होता है और आपकी अंतिम रैंक को महत्वपूर्ण रूप से प्रभावित कर सकता है।
प्रश्न 7. क्या UPSC परीक्षा में ऋणात्मक अंकन (Negative Marking) होता है?
उत्तर: ऋणात्मक अंकन केवल प्रारंभिक परीक्षा में लागू होता है। प्रत्येक गलत उत्तर के लिए उस प्रश्न हेतु निर्धारित अंकों का एक-तिहाई (1/3) भाग काट लिया जाता है। वर्णनात्मक शैली की मुख्य परीक्षा में कोई ऋणात्मक अंकन नहीं होता है।
प्रश्न 8. अंग्रेजी और भारतीय भाषा के अर्हक प्रश्नपत्रों का स्तर क्या होता है?
उत्तर: अर्हक प्रश्नपत्रों (प्रश्नपत्र-क और प्रश्नपत्र-ख) का स्तर मैट्रिकुलेशन (कक्षा दसवीं) या समकक्ष स्तर का होता है। इन प्रश्नपत्रों को संबंधित भाषाओं में विचारों को पढ़ने, समझने और स्पष्ट रूप से व्यक्त करने की अभ्यर्थी की क्षमता का परीक्षण करने के लिए तैयार किया गया है।
प्रश्न 9. अभ्यर्थियों को UPSC सिविल सेवा परीक्षा के संबंध में आधिकारिक अपडेट और अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs) कहां मिल सकते हैं?
उत्तर: अभ्यर्थी आधिकारिक अधिसूचनाएं, पाठ्यक्रम अपडेट और आधिकारिक अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न सीधे संघ लोक सेवा आयोग की वेबसाइट upsc.gov.in/faqs पर देख सकते हैं।

क्या iaspcsprep.com पर हमारे फ्री स्टडी रिसोर्सेज पसंद आ रहे हैं?

डेली स्टडी मटेरियल, अपडेट और अलर्ट्स पाने के लिए हमारे एक्टिव कम्युनिटी से जुड़ें!

Leave a Comment